लखनऊ से कानपुर के लिए इलेक्ट्रिक एसी बस शुरू
लखनऊ। परिवहन निगम ने लखनऊ से कानपुर के बीच इलेक्ट्रिक एसी बसों का संचालन शुरू किया है। दो बसें प्रतिदिन कानपुर से लखनऊ तक अप-डाउन करेंगी। इसके लिए 186 रूपये किराया निर्धारित किया गया है। इन बसों के संचालन के लिए परिवहन निगम ने आरबी मोबिलिटी नाम की कंपनी अनुबंध किया है।कानपुर-लखनऊ और प्रयागराज रूट पर ई-बसों के संचालन किया जाएगा। तैयारी के मुताबिक लखनऊ और प्रयागराज के यात्रियों के लिए 15 आधुनिक और हाईटेक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन होना है। इसमें आठ बसें कानपुर से आलमबाग (लखनऊ) और सात बसें प्रयागराज के लिए चलेंगी। आधुनिक बसों के संचालन के बदले कार्यदायी संस्था अनुबंध के आधार पर परिवहन निगम को 2.72 रुपये प्रति किमी की दर से भुगतान करेगी। किदवईनगर बस अड्डे पर इन ई-बसों के चार्जिंग के चार प्वाइंट भी बनाए गए हैं। अनुबंध के मुताबिक, कानपुर-लखनऊ के लिए नौ मीटर लंबी 35 सीटर आठ ई-बसें संचालित होंगी, जबकि कानपुर-प्रयागराज रूट पर 12 मीटर लंबी 51 सीटर वाली सात बसें चलेंगी। कानपुर-लखनऊ रूट पर आजाद चौराहा, शेखपुर, गेंदनखेड़ा, उन्नाव बाइपास, दहीचौकी, अजगेन, नवाबगंज उन्नाव, भल्ला फार्म, आशा खेड़ा, सोहरामऊ, बानी, बंथरा, गौरी बाजार, अवध हास्पिटल को स्टॉपेज बनाया गया है। बस आलमबाग तक आएगी। कानपुर से लखनऊ तक प्रति यात्री किराया 186 रुपये तय किया गया है। बसों में केवल परिचालक और ई-टिकटिंग मशीन (ईटीएम) की व्यवस्था परिवहन निगम की रहेगी, शेष स्टाफ व मेंटीनेंस संस्था का रहेगा। लखनऊ के आलमबाग व किदवईनगर में बसों के चार्जिंग प्वाइंट बन गए हैं।

